जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । पाकिस्तानी युवक ते प्रेम में फंसी दिल्ली की उजमा इस्लामाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को सुरक्षा के बीच वाघा सीमा से अपने घर पहुंची। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उजमा का स्वागत किया है।
उजमा के स्वदेश वापसी पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, भारत की बेटी का स्वागत है। तुम्हारे साथ जो कुछ भी हुआ इसके लिए दुख है।
सुषमा स्वराज ने कहा, ”उज्मा- वेलकम होम भारत की बेटी, तुम्हें जिन हालात से गुजरना पड़ा, उसका मुझे दुख है।”
इससे पहले बुधवार को पाक कोर्ट ने ऑर्डर दिया था कि उज्मा को वाघा बॉर्डर तक सिक्युरिटी मुहैया कराई जाए। उज्मा ने आरोप लगाया था कि उसके पति ताहिर अली ने उसे पाकिस्तान लाकर बंदूक की नोंक पर शादी की थी।
बहन उजमा की वापसी पर उसके भाई वसीम अहमद ने कहा कि बहन की वापस आने की खबर से वह काफी खुश हैं। उसकी फ्लाइट देर हो गई है, इसलिए पता नहीं है कि वह दिल्ली कब पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि सुषमा स्वराज लगातार उनको उजमा के बारे में अपडेट करती रही हैं। केंद्र सरकार ने उनकी पूरी मदद की है। विदेश मंत्रालय और सुषमा स्वराज का बहुत-बहुत धन्यवाद।
गौरतलब है कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने बुधवार को पाकिस्तानी व्यक्ति पर जबरन शादी करने का आरोप लगाने के बाद भारतीय उच्चायोग में शरण लेने वाली भारतीय महिला उजमा को भारत लौटने की अनुमति दी थी। पुलिस को उसे वाघा बार्डर तक छोड़ने के आदेश भी दिए थे।
दिल्ली की उजमा को पाकिस्ताी युवक ताहिर अली से मलेशिया में प्रेम हो गया था। उजमा इस महीने पाकिस्तान आई थी। उसने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी नागरिक ताहिर अली ने बंदूक की नोक पर शादी करने के लिए उसे मजबूर किया।
उजमा ने 12 मई को अदालत में याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि उसे घर वापस जाने की अनुमति दी जाए क्योंकि उसकी पहली शादी से हुई बेटी भारत में थैलीसीमिया से पीड़ित है।
अली ने अदालत में अपनी याचिका में आग्रह किया था कि उसे उसकी पत्नी से मिलने दिया जाए।
न्यायमूर्ति मोहसिन अख्तर कयानी की एकल पीठ ने कल दोनों याचिकाओं पर सुनवाई की। उनकी दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति ने उजमा को भारत लौटने की अनुमति दी।
अदालत ने उसके वीजा दस्तावेज भी लौटा दिए जो अली ने ले लिए थे। अदालत के आदेश के बाद दस्तावेजों को मंगलवार को अदालत में सौंपा गया था।