जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । कोरोना संकट और बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियो को बड़ा तोहफा दिया गया है। कैबिनेट विस्तार के बाद बुधवार को हुई पहली कैबिनेट की बैठक में केंद्र सरकार ने इतना बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की दूसरी अहम बैठक हुई। करीब एक साल के बाद ये बैठक आमने-सामने हुई है, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए हैं।
बताया जाता है कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (DA) को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया है। यानी DA में कुल 11 फीसदी की बंपर बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती महंगाई के बीच इस फैसले से करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को फायदा पहुंचेगा।
आपको बता दें कि साल 2020 से ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए बंद है। केंद्रीय कर्मचारियों की तीन किस्तें आनी बाकी थीं। कोरोना संकट के दौरान सरकार की ओर से DA पर रोक लगा दी थी। केंद्रीय कर्मचारियों व पेंशनर्स को डीए और डीआर की किस्तें पिछले चार अवधियों से नहीं मिली हैं। 1 जनवरी, 2020 की अवधि वाले डीए को अगले एक साल तक रोक दिया गया था। सरकार इस पूंजी को मेडिकल इमरजेंसी के लिए बचाकर रखना चाहती थी। 1 जुलाई, 2020, 1 जनवरी, 2021 से लेकर 1 जुलाई, 2021 तक की अवधि तक इसे रोके रखा गया था। अब DA बढ़ने के बाद सितंबर से बंपर सैलरी आने की उम्मीद है।