अमलेंदु भूषण खां / नई दिल्ली। यूपी विधानसभा चुनाव का लेकर कांग्रेस भी तैयारी में जुट गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस भी चुनाव लड़ने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इस बाबत पार्टी अलाकमान ने सभी अनुभवी और युवा नेताओं के ऊपर अहम जिम्मेदारी देने का मन बना चुकी है। पार्टी की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी 16 जुलाई से यूपी चुनाव के दौरे पर जा रही है। पार्टी आलाकमान ने यूपी चुनाव की जिम्मेदारी मुख्यरूप से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बधेल और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के हाथ में देने का मन बना लिया है। इन अनुभवी नेता के पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि एमपी और राजस्थान की काफी सीमाएं यूपी से लगती हैं। जो कई विधानसभा को प्रभावित कर सकता है।
यूपी के दो प्रमुख सियासी दल समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव व बहुजन समाज पार्टी के सुप्रीमो मायावती ने सीधे तौर पर कांग्रेस पार्टी से चुनावी गठबंधन करने मना कर दिए हैं। इसलिए कांग्रेस के सामने एकला चलो के सिवाय कोई और रास्ता नहीं है।
प्रियंका गांधी 16 जुलाई को लखनऊ दौरे पर
प्रियंका गांधी 16 जुलाई को लखनऊ दौरे पर रहेंगी। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस दफ्तर में तैयारियां भी तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि प्रियंका तीन दिन तक यूपी में रहेंगी। इस दौरान आजमगढ़ जाने का भी कार्यक्रम बन सकता है। अपने दौरे के दौरान वह प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श करेंगी। प्रयंका गांधी मजबूत सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर भी चर्चा करेंगी। लखनऊ में उनका उन बेरोजगार नौजवानों के समूह से भी मिलने का कार्यक्रम है जो सरकारी भर्तियों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यूपी चुनाव को लेकर पार्टी ने गंभीरता से रणनीति बनाने का काम पूरा कर लिया है। उनका कहना है कि इस बाबत उपरोक्त तीनों नेताओं के साथ चर्चा हो चुकी है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि यूपी चुनाव को लेकर पार्टी आलाकमान के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगातार संपंर्क में है। जबकि छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल बीते दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात कर रणनीति पर चर्चा कर चुके हैं। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले हैं।
सोनिया से मिले कमलनाथ, यूपी में गठबंधन पर हुई चर्चा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सूत्र का कहना है कि मुलाकात उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर चर्चा हुई। खास बात यह है इस बैठक में यूपी में सक्रिय भूमिका निभा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। कांग्रेस समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है। वहीं, दोनों पार्टियों से कमलनाथ के संबंध काफी अच्छे माने जाते हैं।