जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली : हरियाणा के नूह में अवैध खनन रोकने गए मेवात के डीएसपी सुरेंद्र सिंह को खनन माफियाओं ने डंपर से कुचल दिया। जिससे डीएसपी सुरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पचगांव की पहाड़ियों में डीएसपी का शव बरामद किया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना गुरुग्राम से सटे नूंह जिला के तावडू थाना क्षेत्र के गांव पचगांव की है। मंगलवार को सुबह डीएसपी (तावडू) सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को पचगांव से सटी अरावली पहाड़ी पर अवैध रूप से खनन की सूचना मिली थी। खनन रोकने के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पुलिस को देख खनन कर रहे लोगों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस टीम को देख पहाड़ी के पास खड़े डंपर चालक और खनन में लगे लोग भागने लगे।
इसी बीच वाहन रोकने के लिए डीएसपी सुरेंद्र सिंह आगे आए तो डंपर चालक ने उनके ऊपर वाहन चढ़ा दिया और भाग गया। टायर के नीचे आने से डीएसपी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते है पुलिस में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी नूंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल व एसडीएम व तहसीलदार तावडू घटनास्थल पर पहुंच गए है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डीएसपी मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे।
आरोपियों की तलाशी के लिए पुलिस द्वारा गांव व अरावली पहाड़ में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। मौके पर नूहं के एसपी और आईजी मौजूद हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। डिप्टी एसपी की हत्या पुलिस ने ट्वीट कर कहा है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बताया जा रहा है कि डिप्टी एसपी सुरिंदर सिंह इसी साल रिटायर होने वाले थे।हरियाणा के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस इलाके में खनन की इजाजत नहीं है। पुलिस आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। घटनास्थल पर पहुंचे एसएचओ ने बताया कि डीएसपी सिर्फ स्टाफ के साथ गए थे। उनके साथ पुलिस फोर्स नहीं था।