जनजीवन ब्यूरो / रायपुर । छत्तीसगढ़ में दो अलग अलग मुठभेड़ों में 30 नक्सली मारे गए हैं। बीजापुर जिले में 26 नक्सली मारे गए, जबकि कांकेर इलाके में बीएसएफ और राज्य पुलिस के डीआरजी कर्मियों की संयुक्त टीम ने चार माओवादियों को मार गिराया। बीजापुर में मुठभेड़ में दो पुलिस जवान भी शहीद हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया। उन्होंने बताया कि गंगालूर थाने से नक्सल विरोधी अभियान पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह सात बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार गोलीबारी जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ दो नक्सलियों का शव बरामद किया है। इस घटना में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान ने भी जान गंवाई है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और तलाश अभियान जारी है।
बीजापुर मुठभेड़ में 26 नक्सली ढेर: बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि बस्तर संभाग के अंतर्गत बीजापुर और कांकेर में अलग अलग मुठभेड़ चल रही है। बीजापुर मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी, सुकमा डीआरजी, कोबरा सीआरपीएफ बल शामिल रहा। बीजापुर दंतेवाड़ा सुकमा के सरहदी इलाके में मुठभेड़ हुई. इन इलाकों में पश्चिम बस्तर माओवादी डिवीजन कमेटी और पीएलजीए कंपनी नंबर 2 की मौजदूगी रहती है। बीजापुर की मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए हैं। वहीं एक बीजापुर डीआरजी जवान शहीद हुआ है। सुरक्षा बल लगातार सर्चिंग कर रहे हैं।
कांकेर मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर: बस्तर रेंज आईजी ने बताया कि कांकेर नारायणपुर सरहदी इलाके में उत्तर बस्तर माड़ डिवीजन कमेटी और पीएलजीए कंपनी नंबर 5 की मौजूदगी की सूचना पर कांकेर डीआरजी और बीएसएफ का बल रवाना किया गया था।
दोनों मुठभेड़ में कुल 30 नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ चल रही है। सर्चिंग भी जारी है। नक्सलियों की शिनाख्तगी बाकी है-सुंदरराज पी, आईजी, बस्तर रेंज
नक्सल मोर्चे पर कामयाबी: बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि साल 2024 में माओवादियों के खिलाफ प्रभावी रूप से अभियान संचालित करने के दौरान 217 माओवादी के शव बरामद किए गए थे। लगातार अभियान जारी है। आज 30 माओवादी के शव मिले हैं। गर्मी के समय में माओवादियों के द्वारा TCOC अभियान के जरिए सुरक्षा बलों के खिलाफ बड़ी घटना की साज़िश करते हैं लेकिन सुरक्षा बल सावधानी पूर्वक लगातार अभियान चला रहे हैं, जिसमें सफलता मिल रही है।
अमित शाह ने दी बधाई: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 30 नक्सली मारे गए। मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है. अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।













