जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करने के लिए पार्टी सांसद शशि थरूर पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘देश पहले’ में विश्वास करती है, लेकिन कुछ लोगों के लिए यह ‘पहले मोदी, बाद में देश’है।
खड़गे की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान पर भारत के ऑपरेशन सिंदूर के लिए पांच देशों के आउटरीच मिशन से लौटने के बाद थरूर द्वारा एक अखबार में एक आर्टिकल के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की प्रशंसा की थी।
‘शशि थरूर की भाषा अच्छी है’
इस आर्टिकल को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे जाने पर खड़गे ने कहा, “शशि थरूर की भाषा बहुत अच्छी है। इसीलिए उन्हें कांग्रेस वर्किंग कमेटी में रखा गया है। मैंने गुलबर्गा में कहा था कि हम एक स्वर में बोलते हैं, हम देश के लिए साथ खड़े हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर हम साथ खड़े थे। हमने कहा कि देश पहले है, लेकिन कुछ लोग कहते हैं कि मोदी पहले है, देश बाद में है, तो हमें क्या करना चाहिए?”
‘पंख तुम्हारे हैं…’
खड़गे की टिप्पणी के तुरंत बाद तिरुवनंतपुरम के सांसद ने एक्स पर एक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने एक पक्षी की तस्वीर शेयर की जिसमें लिखा था, “उड़ने के लिए इजाजत न मांगो. पंख तुम्हारे हैं और आसमान किसी का नहीं।”
इससे पहले थरूर ने अपने लेख में उन्होंने लिखा था, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा, गतिशीलता और जुड़ने की इच्छा ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर भारत के लिए एक प्रमुख संपत्ति बनी हुई है, लेकिन इसे और अधिक सपोर्ट की जरूरत है।”
लेख पक्ष बदलने का संकेत नहीं
इससे पहले मॉस्को में एक कार्यक्रम में बोलते हुए थरूर ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर की वैश्विक पहुंच पर उनका हालिया लेख उनके पक्ष बदलने का संकेत नहीं था। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की पार्टी में शामिल होने के लिए नहीं था, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, हित और भारत के लिए खड़े होने का बयान था।
गौरतलब है कि थरूर की टिप्पणियों को कांग्रेस नेतृत्व के साथ टकराव पैदा करने और पार्टी के भीतर आंतरिक मतभेदों को बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है। उसी आर्टिकल में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद कूटनीतिक संपर्क को राष्ट्रीय संकल्प और प्रभावी संचार का क्षण बताया। लेख को बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर भी साझा किया था।














