जनजीवन ब्यूरो / हैदराबाद । K Kavitha Resigns: केसीआर की बेटी के कविता ने भारत राष्ट्र समिति पार्टी (BRS) से निलंबित होने के एक दिन बाद बुधवार को पार्टी और एमएलसी (MLC) पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने हरीश राव और संतोष राव पर गंभीर आरोप लगाया है।
भारत राष्ट्र समिति पार्टी से इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बात करते हुए के कविता ने कहा, “मैंने कभी भी तेलंगाना के लोगों के हितों के खिलाफ काम नहीं किया। लेकिन बीआरएस के कुछ नेता जिनके निहित स्वार्थ हैं और जो केवल अपने लाभ के बारे में सोचते हैं। उन्होंने बीआरएस में अग्रणी भूमिका निभाई है और मेरे पिता पर मुझे पार्टी से निष्कासित करने का दबाव बनाया है।”
केसीआर की बेटी कविता ने संवाददाताओं से कहा- “हरीश राव, संतोष राव हमारे परिवार और पार्टी को बर्बाद करने की योजना बना रहे हैं।” उन्होंने अपने पिता केसीआर को भी ऐसे लोगों से बचकर रहने के लिए आगाह किया है। उन्होंने कहा- “मैं अपने पिता के चंद्रशेखर राव से अनुरोध करती हूं कि वे आपके आस-पास के नेताओं के असली इरादों पर गौर करें। उन्होंने बीआरएस परिवार को तोड़ दिया है और उन्होंने यह अपने स्वार्थ के लिए किया है। जिस तरह से तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने बीआरएस परिवार को तोड़ने के लिए पार्टी के गद्दारों के साथ मिलीभगत की, तेलंगाना के लोग आपको माफ नहीं करेंगे।”













