जनजीवन ब्यूरो/ नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की आज पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताजपोशी हो गई। आज बीजेपी के मुख्यालय में उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया गया। नितिन नबीन बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनकी उम्र 45 साल है। वह बिहार के ऐसे पहले नेता हैं, जो इस पद तक पहुंचे हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह,जेपी नड्डा समेत बीजेपी के वरिष्ठ नेता, साथ ही राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा के समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल रहे।
नितिन नबीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया और पार्टी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत की, क्योंकि पार्टी देश की राजनीति पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने संगठनात्मक चुनावों के परिणाम घोषित किए और 45 वर्षीय नबीन को चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा। वे पार्टी के शीर्ष पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नड्डा, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और अन्य कई लोग नेतृत्व परिवर्तन के साक्षी बनने के लिए भाजपा मुख्यालय में उपस्थित थे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, लोगों को लगता होगा, नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल ये लगातार हेड ऑफ द गवर्नमेंट रहे हैं। ये सब अपनी जगह है, लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है। नितिन नबीन जी, मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वह मेरे बॉस हैं। नितिन नबीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं। उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं है, उन्हें एनडीए के साथियों के साथ भी सामंजस्य बनाना है। नितिन जी ने जब जो जिम्मेदारी मिली, तब उन्होंने अपने आप को साबित किया।
बंगाल में कमल खिलाएगी पार्टीः जेपी नड्डा
वहीं, बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और नितिन नबीन जी की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में बंगाल में कमल खिलाएगी। हम पुडुचेरी और तमिलनाडु में सरकार बनाएंगे। हम असम में सत्ता में वापसी करेंगे और केरल में भी अच्छे परिणाम देंगे। हम इसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने आप सभी के सहयोग से अपनी सीमित क्षमताओं के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भरसक प्रयास किया है। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए अगर मैंने कुछ ऐसा कहा हो जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो, तो मैं उसके लिए क्षमा चाहता हूं। नितिन नबीन जी इस पार्टी को, इस महान पार्टी को, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी को, पूरी ताकत से आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। और हम सभी मिलकर उनका सहयोग करेंगे और पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे, और उन नए स्थानों एंव राज्यों में कमल खिलाएंगे, जहां हम अभी तक सफल नहीं हुए हैं। आज से 6 साल पहले यानी 20 जनवरी 2020 को जेपी नड्डा को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। अब 2026 में बीजेपी को नया अध्यक्ष मिला है। यह समय बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर असम, बंगाल, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में चुनावों के मद्देनजर, जहां पार्टी को बड़ी चुनौती का सामना करना है।
नबीन ने की पूजा अर्चना
नितिन नबीन ने अपने अध्यक्ष पद के ऐलान से पहले आज दिल्ली के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पूजा अर्चना की, जिससे उन्होंने साफ संदेश दिया कि बीजेपी हिंदुत्व की राजनीति करती है और हिंदू पार्टी के कोर वोटर हैं। उन्होंने सबसे पहले झंडेवालान देवी मंदिर में पूजा की, फिर वाल्मिकी मंदिर में जाकर एससी समुदाय को संदेश दिया। इसके बाद, नबीन ने हनुमान मंदिर भी गए और अंत में बंगला साहिब गुरुद्वारा में जाकर सिख समुदाय के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
बॉक्स-1
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही नबीन ने कहा, कि राजनीति भोग नहीं, त्याग है…
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तसजपोशी के बाद कहा कि मैं आज इस अवसर पर पार्टी के पूर्व के राष्ट्रीय अध्यक्षों का स्मरण करता हूं और उनका अभिवादन करता हूं। आज का क्षण मेरे लिए संकल्प का क्षण है। आज मैं केवल पद ग्रहण नहीं कर रहा हूँ। मैं इस पार्टी की विचारधारा, परंपराओं और राष्ट्रवादी आंदोलन की ज़िम्मेदारी को स्वीकार कर रहा हूँ, और इस अवसर पर मैं अपने सभी वरिष्ठ सहयोगियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। आज 140 करोड़ भारतीय विकसित भारत के सपने से जुड़ रहे हैं और देश को आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।
उनका कहना था कि अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाला है और वहां की डेमोग्राफी की चर्चा हो रही है कि किस प्रकार वहां डेमोग्राफी बदल रही है। यह हमारे लिए चुनौती है लेकिन हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने संघर्ष और परिश्रम के बल पर इन पांचों राज्यों में सशक्त भाजपा का नेतृत्व प्रदान करेगा।













