जनजीवन ब्यूरो/नई दिल्ली। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान सांसद नीरज डांगी ने कोविड-19 महामारी से पूर्व पत्रकारों को भारतीय रेल द्वारा दी जा रही यात्रा रियायतों को पुनः लागू करने का मुद्दा विस्तार से उठाया। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान यह रियायतें स्थगित की गई थीं, जो उस समय परिस्थितिजन्य रूप से उचित कदम था। लेकिन देश में सामान्य हालात बहाल हो चुके हैं, आर्थिक-सामाजिक गतिविधियां पटरी पर लौट आई हैं और कई अन्य श्रेणियों के लिए रियायतें फिर से शुरू कर दी गई हैं। इसके बावजूद पत्रकारों की यह महत्वपूर्ण सुविधा आज तक बहाल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद डांगी ने सदन को बताया कि पत्रकारिता केवल खबर लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूर-दराज़, दुर्गम और कई बार संवेदनशील क्षेत्रों में जाकर जमीनी सच्चाई सामने लाने का काम पत्रकार करते हैं। आपदाओं की रिपोर्टिंग हो, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की पड़ताल हो या सामाजिक असमानताओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निष्पक्ष रिपोर्टिंग इन सभी कार्यों के लिए निरंतर यात्रा आवश्यक होती है। सीमित संसाधनों में काम करने वाले स्वतंत्र, ग्रामीण और क्षेत्रीय मीडिया से जुड़े संवाददाताओं पर यात्रा खर्च का बोझ उनकी पेशेवर क्षमता को सीधे प्रभावित करता है। ऐसे में रेलवे यात्रा रियायतें किसी प्रकार का विशेषाधिकार नहीं, बल्कि जनहित में किए जाने वाले दायित्वों को निभाने में सहायक आवश्यक सुविधा हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित तभी मजबूत होते हैं जब पत्रकार निर्भय, स्वतंत्र और सुलभ साधनों के साथ कार्य कर सकें। पत्रकारों को यात्रा रियायतों से वंचित रखना अप्रत्यक्ष रूप से सूचना संकलन की पहुंच को सीमित करता है, जिसका असर आम नागरिकों तक पहुंचने वाली सूचनाओं की व्यापकता और गुणवत्ता पर पड़ता है। यह स्थिति लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भावना के अनुरूप नहीं कही जा सकती। सांसद नीरज डांगी ने सरकार से मांग की कि कोविड-पूर्व व्यवस्था के अनुरूप मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए रेलवे यात्रा रियायतें तत्काल प्रभाव से बहाल की जाएं। साथ ही, एक स्पष्ट, पारदर्शी और स्थायी नीति बनाई जाए, ताकि भविष्य में किसी आपात स्थिति में पत्रकारों की सुविधाएं अनावश्यक रूप से समाप्त न हों। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि रियायतों का लाभ वास्तविक और सक्रिय पत्रकारों तक सरल और डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचे, जिससे दुरुपयोग की आशंका न रहे और लोकतंत्र की “आवाज़” निर्बाध रूप से देश के हर कोने तक पहुंचती रहे।













