जनजीवन ब्यूरो / कोलकाता : एस आई आर के बाद पश्चिमी बंगाल ने पूरे देश के मतदान का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान हुए। 92. 49 फीसदी मतदाताओं ने मतदान कर रिकार्ड बनाया है। सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले गए जिसमें 86.89 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतदान में भाग लिए। दोनों राज्यों में प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की है।
West Bengal Voting 2026: पूर्व मेदिनीपुर जिले के पोटाशपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां भीषण गर्मी के बीच वोट देने पहुंचे 58 वर्षीय मतदाता नीपेंद्रनाथ दास की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार, बामनबाड़ी बूथ संख्या 234 पर लंबी कतार में खड़े रहने के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच तबीयत बिगड़ने पर मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गयी।
नोदा युद्धक्षेत्र में तब्दील, हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला
पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद के नोदा में भयंकर बवाल हो गया है। खबर है कि TMC समर्थकों ने हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला कर दिया है। मीडिया में आ रही तस्वीरों से पता चल रहा है कि इस दौरान कबीर के काफिले में शामिल गाड़ियों पर लाठियों और पत्थरों से हमले किए गए। साथ ही वाहनों को खासा नुकसान पहुंचाया गया है।
बीरभूम में भाजपा एजेंट पर हमला, सिर फोड़ा
बीरभूम: लाभपुर विधानसभा क्षेत्र के 68 नंबर बूथ पर भाजपा के पोलिंग एजेंट देवाशीष ओझा पर हमला किया गया। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मारपीट कर उनका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, भाजपा ने हमले के लिए तृणमूल पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तृणमूल कार्यकर्ताओं पर सैनिकों की पिटाई का आरोप
केंद्रीय बल के एक जवान ने तृणमूल कार्यकर्ताओं पर पार्टी कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस घटना में 3 लोग घायल हो गए। पश्चिम मेदिनीपुर के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बेल्दा क्षेत्र के पटली गांव के बूथ नंबर 118 पर तैनात केंद्रीय बल के जवानों ने पार्टी कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं की पिटाई की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कुमारगंज विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार के साथ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने मारपीट की।
भाजपा के नेता ने बताया कि मतदान केंद्र के पास टीएमसी समर्थकों द्वारा कथित तौर पर हंगामा किये जाने की सूचना मिलने के बाद जब सरकार मौके पर जा रहे थे तब ही उन्हें पीटा गया।













