जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। बीजेपी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। बदलाव के तहत दिल्ली की कमान पूर्वी दिल्ली से सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। पार्टी ने हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और त्रिपुरा में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपकर आगामी चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने का संकेत दिया है।
भाजपा ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं पंजाब में पार्टी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा विभिन्न राज्यों में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के साथ-साथ संगठनात्मक मजबूती पर फोकस कर रही है।
पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को सिख चेहरे के तौर पर आगे लाना भाजपा की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जबकि हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के रूप में देखी जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री को दिल्ली की कमान
अरुण सिंह ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया, ‘भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।’ डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है जबकि सरदार केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हर्ष मल्होत्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली से सांसद हैं। वे केंद्र सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं। लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय मल्होत्रा ने दिल्ली भाजपा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे जनसंपर्क, संगठन क्षमता और विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं।
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को जिम्मेदारी देकर भाजपा ने राजधानी में आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने का संकेत दिया है। वहीं त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर मजबूती के लिए अहम जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि नए प्रदेश अध्यक्षों के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाएगी।
पंजाब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान केवल सिंह ढिल्लों , दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अभिषेक देबरॉय को सौंपी है।
अर्चना गुप्ता को मिली हरियाणा की जिम्मेदारी
लंबे समय से चल रही अटकलों को विराम देते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने डा. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया है। निवर्तमान अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के स्थान पर डा. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अर्चना गुप्ता अभी तक मोहन लाल बडौली की टीम में प्रदेश महामंत्री के रूप में काम कर रही थी। हरियाणा भाजपा के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। डा. अर्चना गुप्ता को दी गई जिम्मेदारी को भाजपा द्वारा महिला नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
डा. अर्चना गुप्ता मूल रूप से पानीपत की रहने वाली हैं और व्यवसाय से रेडियोलाजिस्ट हैं। नौ जुलाई 2024 को जब राई के पूर्व विधायक मोहन लाल बडौली को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तब उनकी टीम में शामिल तीन महामंत्रियों कृष्ण कुमार बेदी और सुरेंद्र पुनिया के साथ डा. अर्चना गुप्ता को भी यह दायित्व सौंपा गया था। तब से उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की।













