जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर साझा किया गया वीडियो मंगलवार तड़के कुछ समय के लिए सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिया। बाद में Meta ने वीडियो बहाल करते हुए इस घटना के लिए माफी मांगी और स्पष्ट किया कि यह कंटेंट मॉडरेशन का मामला नहीं, बल्कि तकनीकी त्रुटि का परिणाम था।
Meta ने अपने बयान में कहा कि आंतरिक तकनीकी गड़बड़ी के कारण वीडियो गलती से हट गया था। कंपनी ने वीडियो बहाल कर दिया है और हुई असुविधा पर खेद जताया है।
सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta और Instagram के वैश्विक अधिकारियों को तलब किया है। हालांकि, मंत्रालय की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मंगलवार तड़के कई उपयोगकर्ताओं ने देखा कि CJP के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री मोदी का जनरेशन-ज़ेड को संबोधित वीडियो फेसबुक पर दिखाई नहीं दे रहा था। कुछ उपयोगकर्ताओं को संदेश मिला कि वीडियो भारत में “कानूनी अनुरोध” (Legal Request) के कारण उपलब्ध नहीं है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया।
Meta ने स्पष्ट किया कि वीडियो किसी सरकारी निर्देश या कंटेंट मॉडरेशन के कारण नहीं हटाया गया था, बल्कि आंतरिक तकनीकी त्रुटि की वजह से अस्थायी रूप से हट गया था। इस बीच, वीडियो पर लगे प्रतिबंध संबंधी संदेश के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने परीक्षा पत्र लीक को लेकर युवाओं की चिंताओं पर अपनी बात रखी थी और सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी थी।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो को मिले व्यापक समर्थन के लिए युवाओं का आभार जताया था। आधिकारिक प्रसारक आकाशवाणी न्यूज के अनुसार, इस संबोधन को 24 घंटे के भीतर 30।3 करोड़ (303 मिलियन) से अधिक व्यू मिले, जिससे यह उनके सबसे अधिक देखे जाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट में शामिल हो गया।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब भारत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कंटेंट मॉडरेशन नीतियों और स्थानीय नियमों के अनुपालन को लेकर पहले से ही कड़ी निगरानी की जा रही है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों द्वारा Meta से यह स्पष्ट करने को कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक वीडियो के साथ यह तकनीकी त्रुटि कैसे हुई।













