जनजीवन ब्यूरो / पटना । बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार 19 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से लगभग 11 हजार मतों से आगे चल रहे हैं।
यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल 2026 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद सीट रिक्त होने के कारण कराया गया था। नितिन नवीन ने नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार बांकीपुर सीट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 50 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था।
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सभी चरणों की गिनती पूरी होने के बाद आधिकारिक परिणाम घोषित किए जाएंगे।













