जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. मूसलाधार बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई. लेकिन सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने भी दिल्ली में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.
बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) में भी सुधार देखा जा रहा है. मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मानसून की सक्रियता और स्थानीय दबाव के कारण यह स्थिति बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 से 48 घंटों तक क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
बारिश के बाद जहां जलभराव लोगों के लिए परेशानी का सबब बना, वहीं कुछ इलाकों में बच्चों ने इसे मस्ती का मौका बना लिया. सड़कों पर जमा बारिश के पानी में बच्चे खेलते और उछल-कूद करते नजर आए. सड़क पर पानी जमा होने के बावजूद बच्चे उसमें खेल रहे हैं और बारिश का आनंद ले रहे हैं. हालांकि, जलभराव वाली सड़कों पर बच्चों का इस तरह खेलना जोखिम भरा हो सकता है. जमा पानी के नीचे गड्ढे, खुले मैनहोल या अन्य खतरनाक चीजें छिपी हो सकती हैं. इसके अलावा बारिश के पानी में गंदगी और संक्रमण का खतरा भी रहता है. ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है.
बारिश की वजह से महरौली बदरपुर रोड खानपुर से लेकर ओखला मोड़ तक जल भरा होने की वजह से यातायात बाधित हो रही है. साउथ ईस्ट दिल्ली के कई मुख्य मार्ग पर लोग बारिश के बाद जल भराव का सामना कर रहे हैं. दिल्ली के तुगलकाबाद गांव के मुख्य मार्ग और दिल्ली के व्यस्ततम सड़कों में से एक महरौली बदरपुर रोड ओखला मोड़ पर सड़क पर जल भराव 2 से 3 फीट हो गया है. इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा और यातायात इस दौरान बाधित हो रहा है.
दिल्ली सरकार ने मानसून आने से पहले दावा किया था कि इस बार जब बारिश का मौसम आएगा तो दिल्ली के सड़कों पर कहीं भी जलभराव देखने को नहीं मिलेगा. सिविक एजेंसियों ने अपना बेहतर काम किया है लेकिन अब दिल्ली सरकार की पोल खुल रही है.
राहगीर ने बताया कि जब भी बारिश होती है ओखला मोड़ पर दो से तीन फीट जल भराव हो रहा है. सीवर की नालियां बंद पड़ी हुई है,बड़े नालों में कूड़ा भरा है. पूरा पानी झुग्गियों के अंदर चला जाता है. हम बहुत परेशान हैं. एक अन्य राहगीर नरेश ने बताया कि वह बस स्टैंड पर बस के लिए एक घंटे से खड़े हैं, बारिश के कारण बस नहीं आई है. ओखला मोड़ पर भी पानी भरा हुआ है. काफी समस्याएं हैं, दिल्ली में इसका कोई समाधान नहीं हो रहा. इस बारिश और जलभराव का सामना कर रहे एक राहगीर मनोज ने बताया कि वे संगम विहार से आ रहे हैं लेकिन जल भराव होने से समझ नहीं पा रहे कि गाड़ी अंदर ले जाए या नहीं. अगर ज्यादा पानी होगा तो गाड़ी खराब भी हो सकता है हर साल यहां पानी भर जा रहा है.













