जनजीवन ब्यूरो/ नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को पांच मंजिला इमारत के भरभराकर गिरने से मची तबाही में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। हादसे के बाद फरार चल रहे मकान मालिक हरिराम को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है । दिल्ली पुलिस उसे लेकर राजधानी लेकर आ गई है। दिल्ली पहुंचने के बाद उसका मेडिकल कराया जा रहा है और फिर उसे अदालत में पेश किया जाएगा। हादसे के दूसरे दिन सोमवार को भी मलबे में जिंदगी की तलाश जारी रही। एनडीआरफ के प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड की मदद से मलबे के भीतर किसी और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को खंगाला जा रहा है। भारी मशीनों से मलबा हटाने का काम भी बेहद सावधानी से किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजस्थान के अर्पित जाज और मध्यप्रदेश कटनी के अक्षत यादव ने गंवाई जान, बिहार के आदित्य कुमार की हालत खतरे से बाहर बताया जा रहा है। बहरहाल घायल और मृतक छात्रों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद फरार चल रहे मकान मालिक हरिराम को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस उसे लेकर राजधानी लेकर आ गई है। दिल्ली पहुंचने के बाद उसका मेडिकल कराया जा रहा है और फिर उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उसकी कस्टडी मांगकर यह जानना चाहती है कि हादसे के बाद वह क्यों फरार हुआ और क्या उसने किसी सबूत को मिटाने की कोशिश की।
लापरवाही पर सरकार का चाबुक, पांच अफसर सस्पेंड
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुप्रीटेंडेंट इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए हैं। उनका कहना है कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार शुरुआती जांच में इमारत के बेसमेंट में पानी भरने और पुरानी इमारत में चल रहे मरम्मत कार्य को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। सरकार ने आसपास की जर्जर इमारतों की पहचान कर उनका स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने और जरूरत पड़ने पर उन्हें गिराने के निर्देश दिए हैं।
बगल की इमारत भी खतरनाक, गिराने की तैयारी
कमिश्नर संजीव खिरवार के मुताबिक हादसे के बाद बगल वाली इमारत भी कमजोर हो गई है। उसे रातभर मजबूत करने का काम किया गया। अब अगले एक-दो दिनों में उसे योजनाबद्ध तरीके से गिराने की कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर के अनुसार पिछले तीन महीनों में 960 इमारतें गिराई गईं, 407 सील हुईं और करीब 1500 इमारतों को सील या ध्वस्त करने के नोटिस दिए गए।
सत्य निकेतन में 300 से ज्यादा पीजी, हजारों छात्र रहते हैं
हादसे ने सत्य निकेतन में चल रहे च्ळ और अवैध निर्माणों की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में 300 से ज्यादा घरों में च्ळ संचालित होने की जानकारी सामने आई है, जहां हजारों दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र रहते हैं। हादसे के बाद कुछ च्ळ संचालकों द्वारा बोर्ड हटाकर ताले लगाने की सूचना ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
राहत में भी रोड़ा बने वाहन
हादसे के बाद राहत दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी परेशानी हुई। संकरी गली में करीब 40-50 वाहन खड़े होने के कारण एंबुलेंस और जेसीबी को पहुंचने में समय लगा। वाहनों को हटाने के बाद बचाव अभियान गति पकड़ सका।
दिल्ली हाई कोर्ट में भी हादसे को लेकर याचिका दाखिल की गई है। सीसीटीवी फुटेज में इमारत गिरने के बाद उठता धूल का गुबार कैद हुआ है। अब जांच का बड़ा सवाल यही है कि जिस इमारत को कभी नोटिस तक नहीं दिया गया, वह अचानक मौत का मलबा कैसे बन गई?
हादसे की चपेट में आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज के दो छात्र भी आ गए
हादसे की चपेट में आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज के दो छात्र भी आ गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इनमें से एक छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे छात्र को उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मृतक छात्र की पहचान अर्पित जाज के रूप में हुई है। वह आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में बीकॉम प्रोग्राम के प्रथम वर्ष का छात्र था और राजस्थान का रहने वाला था। हादसे में उसकी मौत की खबर से कॉलेज परिसर और उसके साथ पढ़ने वाले छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनके बीच कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल दूसरे छात्र की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है। वह भी बीकॉम प्रोग्राम का छात्र है और पटना, बिहार का रहने वाला है। आदित्य को रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे से बाहर निकाला गया। अस्पताल में उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
12 का अस्पताल में चल रहा इलाज
सत्य निकेतन हादसे में राहत और बचाव अभियान के बीच मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की सूचना सामने आई है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार सोमवार दोपहर तक 12 लोग अस्पतालों में भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था, जबकि 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। बचाव दल लगातार मलबे की जांच कर यह सुनिश्चित करने में जुटे रहे कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो।













