जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । CJP Press Conference: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, सह-संयोजक सौरव दास और कानूनी प्रमुख रत्ना ने आरोप लगाया कि चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों, युवाओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दिल्ली में असाधारण सुरक्षा व्यवस्था की गई। CJP ने दावा किया कि सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए ऐसा कर रही है. पार्टी ने साफ किया कि हिरासत और पुलिस कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा।
CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में ऐसे हालात बना दिए गए हैं, जहां सरकार अपने ही नागरिकों के खिलाफ खड़ी दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और अपनी मांगें रखने के लिए दिल्ली आ रहे लोगों को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी किसी हिंसा के लिए नहीं, बल्कि अपनी शिकायतें सरकार तक पहुंचाने और निर्धारित स्थल पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आए थे. सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उन्हें रोकने और हिरासत में लेने की कोशिश की गई। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। CJP के सह-संयोजक अशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री हर कीमत पर ज्ञानेश कुमार को बचाएंगे और चुनाव आयोग भाजपा को चुनाव जिताने में मदद कर रहा है।
रांका ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए दावा किया कि पिछले 72 घंटों में जो कुछ हुआ, वह आपातकाल से भी आगे निकल गया। पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी को तानाशाह बताते हुए हिरासत और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। हालांकि, ये सभी आरोप CJP नेताओं ने लगाए हैं।
‘ज्ञानेश कुमार भाजपा को चुनाव जिताने में मदद कर रहे’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशुतोष रांका ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया की रक्षा करने की जिम्मेदारी से समझौता करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग भाजपा को चुनाव जिताने में मदद कर रहा है। CJP मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
‘हमें विमान से अगवा किया गया’
रिहाई के बाद रांका ने आरोप लगाया कि दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्हें और पार्टी के अन्य नेताओं को विमान से अगवा किया गया। उन्होंने हिरासत में लिए जाने की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित कार्रवाई बताया।
‘प्रधानमंत्री हर कीमत पर ज्ञानेश कुमार को बचाएंगे’
रांका ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हर कीमत पर बचाएंगे। CJP ने कहा कि मतदाता सूचियों और SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उसका आंदोलन जारी रहेगा।
पार्टी ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और नेताओं की हिरासत को लेकर सरकार की आलोचना की। CJP का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इस्तीफा देना चाहिए।













