जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । March for Democracy: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने और विभिन्न गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के नेता सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी यह याचिका दायर की है। याचिका शाम के समय दायर की गई।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और ‘इंडिया’ गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता मार्च में शामिल हैं।
विपक्षी नेता इससे पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से बसों में सवार होकर बाराखंबा रोड पहुंचे थे। यहां एकत्र होने के बाद उन्होंने उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च शुरू किया। कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ”चलो दिल्ली- लोकतंत्र के लिए मार्च” नाम दिया है। विपक्षी दल कथित ”वोट चोरी”, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की भूमिका को लेकर पिछले कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने मार्च से पहले कहा था कि वह और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर करेंगे। आज हम और इंडिया गठबंधन के नेता सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और याचिका दायर करेंगे। जो प्रतिरोध चल रहा है, वह एक दिन की बात नहीं है। हम लगातार यह कर रहे हैं। गांधी ने केंद्र सरकार पर लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोकने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी को ”पूरी तरह से किले में तब्दील” कर दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस तथा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
विपक्ष की मांग है कि कथित ”वोट चोरी” पर रोक लगाई जाए, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और मतदाता सूची के एसआईआर की प्रक्रिया रोकी जाए। इससे पहले खड़गे और गांधी ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था ताकि उनके समक्ष कथित ”वोट चोरी” का मुद्दा उठाया जा सके और एक ज्ञापन सौंपा जा सके। प्रधान न्यायाधीश ने मुलाकात से इनकार करते हुए कहा था कि इससे जुड़े मुद्दे पहले से सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन हैं।
दिल्ली ने ऐसा विरोध प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा- डी. राजा
CPI महासचिव डी. राजा ने कहा, दिल्ली ने ऐसा विरोध प्रदर्शन पहले कभी नहीं देखा. पूरे देश के लोगों में गुस्सा है। जिस तरह से ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बने हुए हैं, वह लोगों को मंज़ूर नहीं है. क्योंकि उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग ने संविधान के तहत तय संवैधानिक संस्था के तौर पर काम नहीं किया है। इसलिए लोग मांग कर रहे हैं कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या उन्हें हटा दिया जाना चाहिए. पीएम मोदी ने इस पर एक शब्द भी नहीं कहा है। अमित शाह ने भी कुछ नहीं कहा है। उन्हें लगता है कि वे सुरक्षा बलों का इस्तेमाल करके लोगों के इस आंदोलन को दबा सकते हैं, ऐसा नहीं होगा। इसलिए हम सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्ष के अन्य नेताओं के साथ मिलकर SC में एक याचिका दायर की है, जिसमें SIR में गड़बड़ियों का आरोप लगाया गया है। उनके वकील प्रसन्ना एस के ज़रिए दायर की गई। यह याचिका विपक्ष के जारी विरोध-प्रदर्शनों और चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों के बीच आई है।
11 याचिकाकर्ताओं ने संयुक्त रूप से भारत के चुनाव आयोग, CEC ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के खिलाफ यह याचिका दायर की है।
याचिकाकर्ताओं में सौगत रॉय (TMC), अखिलेश यादव (SP), तेजस्वी प्रसाद यादव (RJD), संजय राउत (शिवसेना (UBT)), एम ए बेबी (CPI-M), डी राजा (CPI), महुआ माजी (JMM), सुप्रिया सुले (NCP-SP) और ई टी मोहम्मद बशीर (IUML) शामिल हैं।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ मिलकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तेलंगाना के सीएम रवंत रेड्डी, कर्नाटक के सीएम शिवकुमार और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ विरोध मार्च में शामिल हुए।
हमारा संघर्ष लगातार चलता रहेगा- अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि आंदोलन और धरना प्रदर्शन लगातार चलता रहेगा। हमारी जिम्मेदारी लोकतंत्र को बचाने की है और भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है, हमेशा के लिए सरकार में रहना चाहती है। सरकार हमारी बात सुने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटा देना चाहिए. भाजपा को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। हमारा संघर्ष लगातार चलता रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन से मंडी हाउस तक का रास्ता बंद
पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन से मंडी हाउस तक की सड़क को पूरी तरह से सील कर दिया। दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा कड़ी करने के तहत यह कदम उठाया गया है। इस इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और आम लोगों के लिए यह रास्ता कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि जब तक सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये पाबंदियां लागू हैं, तब तक वे दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें।
#ece#gyanesh#sir#rahulgandhi#congress#akhilesh#cpi#nehabora#sfi#













