जनजीवन ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ‘टाइम’ पत्रिका में लिखे एक लेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत का मुख्य सुधारक बताया है। टाइम ने मोदी को दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों में शामिल किया है। ‘इंडियाज रिफॉर्मर इन चीफ’ शीर्षक से लिखे गए इस परिचय में ओबामा ने लिखा, आज मोदी विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता हैं। उनकी जीवनगाथा (गरीबी से प्रधानमंत्री तक) से भारत के उदय की गतिशीलता और संभावना झलकती है।
ओबामा ने मोदी की प्रशंसा में लिखा है कि मोदी बचपन में अपने पिता को चाय बेचने में सहायता करते थे। यह बात दूसरों के लिए अनुकरणीय है। मोदी ने अनेक भारतीयों को अपने रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया है। भीषण गरीबी को कम करने, शिक्षा को बेहतर बनाने, महिलाओं व लड़कियों को सशक्त बनाने, भारत की वास्तविक आर्थिक संभावनों को प्रकट करने और जलवायु परिवर्तन से निबटने के लिए मोदी ने एक महत्वाकांक्षी नजरिया पेश किया है।
ओबामा ने पिछले साल मोदी की वाशिंगटन यात्रा को याद किया जब दोनों नेता अमेरिका के विख्यात मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉ़ मार्टिन लूथर किंग जूनियर के स्मारक पर गए थे। उन्होंने कहा, हमने किंग और गांधी की सीखों पर चिंतन किया। हमने यह स्वीकार किया कि हमारी विविधताएं और आस्थाएं हमारी ताकत हैं जिनको हमें बचाना है। मोदी ने माना कि मिल कर साथ रह रहे और सफलता हासिल कर रहे एक अरब से अधिक भारतीय विश्व के लिए एक पे्ररणास्पद मॉडल हो सकते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा मोदी योग पद्धति के प्रबल समर्थक हैं, जो ट्विटर के जरिये भारतीयों से जुड़ते हैं और डिजिटल भारत की कल्पना करते हैं।
दिल को छू गए ओबामा के शब्द: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘टाइम’ में उनका परिचय लिखने पर ओबामा को धन्यवाद दिया। मोदी ने ट्वीट किया, प्रिय बराक ओबामा, आपके शब्द दिल को छूने वाले और प्रेरणादायी हैं। धन्यवाद टाइम। मोदी ने ट्वीट के साथ ही पत्रिका में लेख का लिंक साझा किया।