जनजीवन ब्यूरो
रांची। देश का पहला खेल विश्वविद्यालय झारखंड में होगा । मुख्यमंत्री रघुवर दास और सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह की मौजूदगी में सीसीएल की ओर से सीएम (सीएसआर) जी तिवारी और राज्य की ओर से खेल सचिव अविनाश कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस राज्य में एकलव्य की कमी नहीं है। कमी थी, एक द्रोणाचार्य की। द्रोणाचार्य की कमी यह संस्थान पूरा करेगा। राज्य में 1.32 करोड़ युवा हैं। यह उनके सपनों का संस्थान होगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा दी जायेगी।
मौके पर मौजूद खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है, देश में पहली बार खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। राज्य में इसका वर्ल्र्ड क्लास इंफ्रास्ट्रकचर होगा। इसका फायदा यहां के खिलाड़ियों को मिलना चाहिए। यहां के खिलाड़ियों में क्षमता की कमी नहीं है। इन्हें प्रशिक्षण देकर उच्च स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। जो खिलाड़ी खेल में अपनी उम्र गुजार दे रहे हैं, उनके लिए रोजगार की व्यवस्था भी होनी चाहिए।