लावण्या झा / नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के महासंग्राम में रविवार को नोएडा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लाव लश्कर के साथ वोट मांगने पहुंचे। बिशनपुरा, चौड़ा मोड़ सहित कई गांव में घूम-घूम कर कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के लिए प्रचार करने के साथ ही वोट मांगने का काम किया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डोर टू डोर जाकर लोगों से आह्वान किए कि ज्यादा से ज्यादा लोग कांग्रेस पार्टी को वोट देकर कांग्रेस को मजबूत बनाएं। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा है, ”दूसरे लोग या तो जाति के नाम पर राजनीति कर रहे हैं या ‘धर्म की राजनीति’ कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के अलावा कोई आम लोगों की बात नहीं कर रहा है। युवाओं, किसानों, महिलाओं से लेकर पिछड़े समुदायों तक हम सबको साथ लेकर चल रहे हैं।” भूपेश बघेल संग नोएडा प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक और जिला अध्यक्ष राम कुमार तंवर मौजूद रहे
इस मौके पर उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल तक आम जनता की याद अखिलेश यादव को नहीं आई। अब चुनाव आया तो उन्हें जनता की याद आ रही है। बीजेपी को भी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने आड़े हाथ लिया। मीडिया से बातचीत में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला घोषणा पत्र को प्रभावी बताया
मीडिया से बात करते हुए भूपेश बघेल ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक हैं। उन्होंने कहा है कि इस अभियान के दौरान ‘लड़की हूं लड़ शक्ति हूं’ कलाई बैंड वितरित किए गए हैं। राज्य में महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए पिछले साल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने “लड़की हूं लड़ शक्ति हूं” अभियान शुरू किया था।
चुनाव आयोग ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव सात चरणों में 10 फरवरी से शुरू होंगे। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 और 7 मार्च को मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। गौरतलब है कि कांग्रेस राज्य में 30 साल से अधिक समय से सत्ता से बाहर है।
2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 312 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी ने 403 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 39.67 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया। समाजवादी पार्टी (सपा) को 47 सीटें, बसपा ने 19 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस केवल सात सीटों पर जीत हासिल कर सकी।