जनजीवन ब्यूरो/ श्रीनगर। धारा 370 हटाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार आज श्रीनगर पहुंचे। उन्होंने देश को बख्शी स्टेडियम से 6400 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं की सौगात दीं। नरेंद्र मोदी ने परिवारवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि कहा कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार के चलते जम्मू-कश्मीर बैंक की कमर टूट गई। लोगों का पैसा डूबने जा रहा था। उस दौरान हमने बैंक को एक हजार करोड़ देकर मदद की।
मोदी ने कश्मीर से भाजपा को जोड़ते हुए कहा कि यहां झीलों में कमल खिलता है और भाजपा का चिह्न भी कमल ही है। जम्मू कश्मीर से भाजपा का नाता सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि 370 का फायदा आम कश्मीरी को था या फिर कुछ राजनीतिक परिवार अपने फायदे के लोगों को गुमराह कर रहे थे। धारा 370 खत्म होने के बाद नौजवानों की भावनाओं का सम्मान हो रहा है। उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
नरेंद्र मोदी ने संबोधन में कहा कि आज यहां से स्वदेश दर्शन योजना के तहत छह परियोजनाएं देश को समर्पित की गई हैं। इसके अलावा स्वदेश दर्शन स्कीम के अगले चरण का भी शुभारंभ हुआ है। जम्मू कश्मीर समेत देश के अन्य स्थानों के लिए करीब 30 परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। जम्मू कश्मीर केवल एक क्षेत्र नहीं है, यह भारत का ऊंचा उठा मस्तक है, जो सम्मान और विकास का प्रतीक है। इसलिए विकसित जम्मू कश्मीर विकसित भारत की प्राथमिकता है।
एक जमाना था जब देश के कानून जम्मू कश्मीर में लागू नहीं होते थे, लेकिन आज देखिए कश्मीर से ही पूरे देश के लिए विभिन्न योजनाएं लागू हो रही हैं। धरती के स्वर्ग पर आने की यह अनुभूति वर्णन से परे है। यह वह नया जम्मू कश्मीर है जिसका इंतजार है हमें दशकों से था। पीएम मोदी ने इस बीच श्यामाप्रसाद मुखर्जी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनौतियों को पार करने का हौसला है।