जनजीवन ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना ने महिलाओं को लड़ाकू विमान उड़ाने की अनुमति शनिवार को दे दी। इस आदेश के बाद अब महिलाएं भी लड़ाकू विमान उड़ा सकेंगी। अबतक महिलाओं को इससे वंचित रखा गया गया था।
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने ट्वीट कर ये जानकारी दी कि अब महिलाएं भी भारतीय वायुसेना में लड़ाकू विमान उड़ा सकेंगी। यही नहीं पहली लड़ाकू विमान की महिला पायलट एयरफोर्स एकेडमी के इसी बैच से चुनी जाएंगी।
इससे पहले भारतीय वायुसेना की 83वीं वर्षगांठ के जश्न के अवसर पर एयर चीफ मार्शल अरुप राहा ने कहा था कि भारतीय वायुसेना अब महिलाओं को लडाकू विमानों की कमान सौंपने की योजना बना रही है। जिसे आज रक्षा मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।
इसे लेकर रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया है कि फायटर श्रेणी में पहली बैच को जून 2016 में आएगी। उन्हें यह ट्रेनिंग पूरी होने के बाद एक साल की एडवांस ट्रेनिंग से गुजरना होगा जिसके बाद वो पहली बार जून 2017 में पहली बार फायटर प्लेन के कॉकपीट में बैठ पाएंगी।