जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । जिस दिन का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था आज चुनाव आयोग ने उसकी घोषणा कर दी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि 19 अप्रैल से सात चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी। साथ 26 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी लोकसभा चुनावों के साथ ही होंगे।
इसके साथ ही चार राज्यों के विधानसभा चुनावों की भी घोषणा की गई। इसके तहत अरुणाचल प्रदेश की 60 और सिक्किम की 32 विधानसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। इसी तरह आंध्र प्रदेश की 175 और ओडिशा की 147 विधानसभा सीट के लिए 13 मई को मतदान होगा। इन राज्यों के नतीजे भी लोकसभा चुनाव के परिणाम के साथ ही घोषित किए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 19 अप्रैल को पहले चरण में 102 सीट, 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 89 सीट और 7 मई को तीसरे चरण में 94 सीट पर मतदान होगा। इसी तरह 13 मई को चौथे चरण के चुनाव के लिए 96 सीट पर, 20 मई को पांचवें चरण में 49 सीट, 25 मई को छठे चरण में 57 सीट, जबकि एक जून को सातवें एवं अंतिम चरण में 57 सीट पर मतदान होगा।
लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम
पहला चरण
मतदान: 19 अप्रैल
राज्य: 21
लोकसभा सीटें: 102
दूसरा चरण
मतदान: 26 अप्रैल
राज्य: 13
लोकसभा सीटें: 89
तीसरा चरण
मतदान: 7 मई
राज्य: 12
लोकसभा सीटें: 94
चौथा चरण
मतदान: 13 मई
राज्य: 10
लोकसभा सीटें: 96
पांचवां चरण
मतदान: 20 मई
राज्य: 8
लोकसभा सीटें: 49
छठा चरण
मतदान: 25 मई
राज्य: 7
लोकसभा सीटें: 57
सातवां चरण
मतदान: 1 जून
राज्य: 8
लोकसभा सीटें: 57
नतीजे: 4 जून 2024
किस राज्य में कब होंगे लोकसभा चुनाव
दिल्ली में लोकसभा चुनाव की वोटिंग 25 मई को होगी। यूपी में सभी सातों चरणों में वोटिंग होगी। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को वोटिंग होगी। छत्तीसगढ़ में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और तीसरे चरण 7 मई को वोटिंग होगी। बंगाल में सात चरणों में वोटिंग होगी। गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों के लिए मतदान सात मई को तीसरे चरण में होगा।
किस चरण में कितने राज्यों में चुनाव
पहले चरण मे 21 राज्यों के कुल 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे फेज में 13 राज्यों की 89 सीटों, तीसरे में 12 राज्यों की 94 सीटों, 10 राज्यों की 96 सीटों, 8 राज्यों की 49 सीट, 7 राज्यों की 57 सीट, 8 राज्यों की 57 सीट पर वोटिंग होगी।
4 राज्यों में विधानसभा चुनाव
हरियाणा, हिमाचल, झारखंड और यूपी समेत 26 विधानसभाओं में उपचुनाव होंगे।
इस बार 97 करोड़ वोटर्स
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि देश में 96.8 करोड़ वोटर्स हैं और 10 लाख से ज्यादा बूथ वोटिंग के लिए होंगे। राजीव कुमार ने कहा कि हमारे देश के चुनाव पर पूरी दुनिया की नजर होगी।
उन्होंने कहा कि इस बार 1.8 करोड़ मतदाता पहली बार वोट करेंगे और कुल 21.5 करोड़ युवा वोटर्स होंगे। पुरुष मतदाताओं की संख्या 49.7 करोड़ है।
चुनाव आयुक्त की बड़ी बातें…
लोकसभा का कार्यकाल 16 जून तक है।
अब पार्टियों को अपने उम्मीदवार का क्रिमिनल रिकॉर्ड बताना होगा। इसी के साथ यह भी बताना होगा कि उस उम्मीदवार को क्यों टिकट दिया गया और क्षेत्र से किसी और व्यक्ति को टिकट क्यों नहीं दिया गया।
इस बार 85 साल से ऊपर के वोटर घर से वोट दे सकते हैं।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि महिला वोटर्स की संख्या में इजाफा हुआ है।
कई क्षेत्रों में तो महिला वोटर्स की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। वहीं, इस बार 85 लाख 85 लाख फर्स्ट टाइम महिला वोटर्स होंगे।
हर जिले में एक कंट्रोल रूम होगा।
चुनाव एक पर्व और देश का गर्व
चुनाव आयुक्त ने कहा कि भारत में चुनाव एक पर्व और देश का गर्व है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम चुनावों के लिए तैयारी है। हम दो साल से चुनाव की तैयारियां कर रहे थे।