जनजीवन ब्यूरो/नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर में बड़ी दर्दनाक घटना घटी है। यहां के धमना इलाके में विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री में धमाका हो गया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार (13 जून) दोपहर 1 बजे चामुंडा एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में यह ब्लास्ट हुआ। नागपुर पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंघल ने धमाके से पांच लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। हादसे को लेकर नागपुर पुलिस कमिश्नर रविंदर सिंघल ने बताया, “आज लगभग 1 बजे चामुंडा एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में यह ब्लास्ट हुआ है। इस घटना में लगभग 4-5 कामगारों की मृत्यु हुई है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि लगभग 4-5 लोग घायल हैं। आगे की जांच जारी है।” सिंघल ने आगे बताया, “मरने वालों में 4 महिलाएं हैं। हमारी जांच चल रही है। हमारी टीम, क्राइम ब्रांच व वरिष्ठ अधिकारी यहां मौके पर मौजूद हैं, कार्रवाई जारी है।” वहीं फैक्ट्री में विस्फोट की घटना के बाद पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि यूनिट का मैनेजर और मालिक दोनों मौके से फरार हैं।