जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली। गुजरात कांग्रेस के दिग्गज नेता शंकर सिंह वाघेला की कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से हुई मुलाकात के बाद वाघेला मायूस होकर गुजरात लौट गए हैं। बताया जाता है कि गुजरात में कांग्रेस को डूबोने वाले वाघेला को राहुल गांधी पसंद नहीं करते हैं। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण इससे मिलता है कि अहमदाबाद लौटते ही वाघेला ने कहा कि आज तक तो कांग्रेस में हैं कल का पता नहीं। माना जा रहा है कि वाघेला बीजेपी में शामिल हो जाएंगे।
राहुल व वाघेला की मुलाकात के बाद भी गुजरात कांग्रेस में विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। फिर दिल्ली जाने का संकेत वाघेला की नाराजगी को दर्शाता है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वाघेला पार्टी के साथ विवाद को जिवंत रखना चाहते हैं। इससे आने वाले दिनों में उन्हें फायदा होगा। वाघेला खुद को कांग्रेस में असहज बताने से भी परहेज नहीं करते। प्रदेश कार्यकारिणी में उन्होंने कहा था कि 18 साल बाद भी कांग्रेस में उन्हें स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बताया जाता है कि वाघेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीएम कार्यकाल में मोदी के साथ मिलीभगत करके कांग्रेस को प्रदेश में लगभग समाप्त कर दिया है। वाघेला की निष्क्रियता के कारण पार्टी के कई नेता दुखी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने वाघेला के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि बापू (वाघेला) यह कहें कि आज तक तो जी रहा हूं कल का पता नहीं तो मीडिया उसका भी अपने तरीके से अर्थ निकल सकता है। वाघेला के करीबी यह संकेत दे रहे हैं कि बापू अगस्त तक इस विवाद को हवा देते रहेंगे। बाद में अपने विधायक पुत्र महेंद्र सिंह व समर्थकों की भाजपा में एंट्री करा सकते हैं। वह दो नावों की सवारी करना चाहते हैं।