जनजीवन ब्यूरो / शामली : कैराना लोकसभा क्षेत्र से हिंदुओं के कथित पलायन का मुद्दा उठाने वाले बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शोक जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए ट्विटर पर कहा कि सांसद और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता हुकुम सिंह जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ उत्तर प्रदेश के लोगों की सेवा की और किसानों के कल्याण के लिए काम किया। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सिंह के निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा नेता के निधन पर शोक प्रकट किया है। एक ट्वीट में संसदीय मामलों के राज्य मंत्री विजय गोयल ने सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि भाजपा के लिए यह बड़ा नुकसान है। पिछले साल यूपी विधानसभा चुनावों के पहले उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र के कुछ हिस्से और पड़ोस से हिंदुओं के कथित पलायन का मुद्दा उठाया था।
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता तथा शामली से सांसद हुकुम सिंह के कल रात में निधन के बाद आज उनका पार्थिव शव यहां पहुंचने के बाद लोगों का हुजूम उनके घर पर उमड़ पड़ा। उनके घर के बाहर उमड़े लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के कारण बाहर रोका गया है।
शनिवार को नोएडा के जेपी अस्पताल में निधन हो गया। वह सांस संबंधी तकलीफ का सामना कर रहे थे। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि 79 वर्षीय नेता तकरीबन एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। वह कैराना सीट से निर्वाचित हुए थे। उनकी 5 बेटियां है। सिंह यूपी से 7 बार विधायक रहे और 2014 के चुनावों में लोकसभा में प्रवेश से पहले राज्य में मंत्री थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से 10 बजकर 20 मिनट पर कैराना में उतरे। हेलीकॉप्टर के विजय सिंह पथिक कॉलेज में उतरते ही सीएम को एसपीजी और सुरक्षा एजेंसियों ने अपने घेरे में ले लिया। इसके बाद सीएम कार से 10 बजकर 25 मिनट पर कैराना मायापुर फार्म हाउस पर पहुंचे। सीएम ने सांसद के फार्म के अंदर बने कमरे में पहुंचकर सांसद हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, राज्यमंत्री सुरेश राणा, सांसद संजीव बालियान, विधायक तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार भी सीएम के साथ मौजूद रहे। फार्म हाउस के अंदर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सांसद के परिवार के लोगों से वार्ता की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय सांसद हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह, बेटी के बेटे शिवा और परिवार के अन्य लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सांसद हुकुम सिंह के रूप में पार्टी को अपूर्णीय छवि हुई है। सदन भी सांसद की कमीं को कभी पूरा नही कर पाएगा। उन्होंने कहा कि हुकुम सिंह अच्छे व्यवहार और उच्च विचारों के नेता थे। उनके आदर्श लोगों में हमेशा लोगों में जीवित रहेंगे। सीएम ने परिवार के लोगों को बताया कि 15 दिन पहले फोन पर सांसद से वार्ता हुई थी। सांसद गाय पालने के शौकीन थे। उन्होंने परिवार के लोगों से कभी भी कोई तकलीफ होने पर मैसेज के माध्यम से संपर्क करने की बात भी कही। उन्होंने परिवारजनों से कहा कि आपकी सभी तकलीफों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।