जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली : बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी का शव दुबई से भारत लाय़ा जा रहा है। श्रीदेवी के मौत मामले में उनके पति बोनी कपूर को क्लीनचिट दे दी गई है। दुबई पुलिस ने श्रीदेवी का पार्थिव शरीर उनके परिवार को सौंप दी है। दुबई पुलिस ने शव भारत ले जाने की मंजूरी भी दे दी है। दुबई पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बोनी कपूर समेत पूरा परिवार शव को लेकर वापिस मुंबई आएगा।
दुबई मीडिया ऑफिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को पूरी जांच के बाद ही परिवार को सौंपा गया है। उन्होंने कहा, ‘दुबई सार्वजनिक अभियोजन कार्यालय ने भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की मृत्यु की परिस्थितियों की व्यापक जांच पूरा होने के बाद ही उनके परिवार को पार्थिव शरीर सौंपने की मंजूरी दी है।’
LIVE UPDATES
4.19 PM: मुंबई में श्रीदेवी के घर ‘भाग्य बंगला’ में उनका शव रखा जाएगा। शव के रात 11.30 बजे तक मुंबई पहुंचने के आसार हैं।
4:06 PM: मिली खबर के मुताबिक दुबई से करीब 6.30 बजे फ्लाइट निकलेगी। इस फ्लाइट से श्रीदेवी का शव भारत लाया जायेगा। जिस प्लेन से परिवार के सदस्य लौटेंगे वह प्लेन अनिल अंबानी का है। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार बुधवार को मुंबई के पवन हांस में हो सकता है।
3.47 PM: दुबई पुलिस ने श्रीदेवी की मौत से जुड़ा केस बंद किया। दुबई मीडिया सेंटर ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी।
3.36 PM: कपूर परिवार को श्रीदेवी का शव सौंपा गया। कुछ देर बाद चार्टर्ड प्लेन में उनका शव भारत जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीदेवी मौत के कुछ दिनों पहले से तनाव से गुजर रही थीं और इसी कारण वह अधिक नशा भी कर रही थीं। दुबई पुलिस अब इस तरह के मामलों में अपनाई जाने वाली नियमित कानूनी प्रक्रिया के तहत श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का दोबारा बयान भी ले सकती है।
यूएई में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने बताया कि पुलिस ने श्रीदेवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट उन्हें सौंप दी है लेकिन अब भी 2-3 विभागों से दस्तावेजों मिलना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में किसी तरह की कोई देरी नहीं की जा रही है। दुबई में ऐसे मामलों के पूरा होने में 2 से 3 दिन का वक्त लगता है।
उन्होंने ट्वीट में लिखा है, ‘श्रीदेवी के आकस्मिक निधन के कारण मीडिया की उत्सुकता को समझा जा सकता है, लेकिन ऐसे में अनुमान लगाने से कुछ नहीं होगा।’ सूरी ने कहा है कि उनकी टीम लोकल अधिकारियों के साथ काम कर रही है ताकि पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजा जा सके।’
मुंबई में इंतजार
शनिवार देर रात श्रीदेवी की मौत की खबर के बाद से ही देशभर में उनके पार्थिव शरीर के लौटने का इंतजार किया जा रहा है। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक हस्तियां और फैंस मुंबई में श्रीदेवी के शव का इंतजार कर रहे हैं। तमाम सितारे जुहू में बोनी कपूर के भाई अनिल कपूर के घर जाकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। इस कड़ी में सुपरस्टार रजनीकांत और शाहरुख खान भी अनिल कपूर के घर पहुंचे थे।
व्हिटनी ह्यूस्टन और श्रीदेवी की एक जैसी मौत
व्हिटनी ह्यूस्टन और श्रीदेवी की एक जैसी मौत
व्हिटनी ह्यूस्टन-इसे शायद नियति का संयोग ही कहेंगे कि 1963 में श्रीदेवी (13 अगस्त) से महज चार दिन पहले 9 अगस्त को जन्मीं व्हिटनी ह्यूस्टन की मौत भी होटल के कमरे में नशे में बाथटब में डूबने से हुई थी। नियति का एक दुर्योग यह रहा कि दोनों सुपर सितारों की मौत फरवरी में ही हुई। श्रीदेवी ने जहां 24 फरवरी को अंतिम सांस ली, वहीं अमेरिकी पॉप सुपर सितारा ने 11 फरवरी (2012) को दुनिया को अलविदा कहा।
श्रीदेवी की मौत के 64 घंटे के बाद दुबई प्रशासन ने उनकी पार्थिव देह को भारत ले जाने की इजाजत दे दी। दुबई पुलिस ने इंडियन कॉन्स्युलेट और उनके परिवार को मंगलवार दोपहर क्लीयरेंस लेटर सौंपने के बाद केस को बंद कर दिया। इससे पहले फोरेंसिक रिपोर्ट में सोमवार को खुलासा हुआ था कि श्रीदेवी की मौत कार्डिएक अरेस्ट से नहीं, बल्कि बाथटब में डूबने से हुई। बता दें, श्रीदेवी की मौत 24 फरवरी को दुबई के होटल में रात को करीब 11.30 बजे हुई थी।
अब आगे क्या?
– खलीज टाइम्स के मुताबिक, श्रीदेवी की बॉडी को लेप के लिए ले जाया गया है। इस प्रॉसेस में करीब 2 घंटे लग सकते हैं। फिर यहां से बॉडी को सीधे एयरपोर्ट भेजा जाएगा।
– दुबई मीडिया ऑफिस ने ट्वीट कर बताया, “पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने कहा कि सारी जांच पूरी कर ली गई है। फोरेसिंक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी की मौत दुर्घटनावश डूबने के कारण हुई। लिहाजा उनके केस को बंद किया जाता है।”