जनजीवन ब्यूरो / भोपाल : बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ में पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंकते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला । अमित शाह ने जहां एक बार फिर घुसपैठियों और असम के नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस (NRC) का मामला उठाया तो मोदी ने अपना भाषण कांग्रेस और राहुल गांधी के ऊपर फोकस रखा। पीएम ने कहा कि 125 साल पुरानी पार्टी कांग्रेस को आज सूक्ष्मदर्शी से खोजना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहने के दौरान एमपी की बीजेपी सरकारों और जनता के साथ धोखा हुआ। मोदी ने मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया। मोदी ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस अब भारत से बाहर गठबंधन खोज रही है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम ने वाजपेयी और राजमाता सिंधिया को भी याद किया। भोपाल के जंबूरी मैदान से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब तक दिल्ली में यूपीए की सरकार थी तब तक वो भाजपा की राज्य सरकारों और वहां की जनता के प्रति दुश्मनी का भाव पालकर बैठे थे। उन्होंने खुद को भाग्यवान बताते हुए कहा कि पता नहीं किस जन्म में हमने कितने पुण्य किए जिससे कि इस महान पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में मुझे मां भारती की सेवा करने का मौका मिला है।
नरेंद्र मोदी ने राज्य में लाखों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके खिलाफ हरेक गाली का इस्तेमाल किया लेकिन जितना कीचड़ उन्होंने उछाला, उतना देश में कमल खिला। पीएम मोदी ने कहा कि अब देश के बाहर यह तय किया जा रहा है कि भारत का प्रधानमंत्री कौन होगा।
सूक्ष्मदर्शी से खोजना पड़ रहा कांग्रेस को: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि अब सूक्ष्मदर्शी लेकर देखना पड़ता है कि कांग्रेस पार्टी कहां है। उन्होंने कहा, ‘जो पार्टी 125 सालों से भी पुरानी हो, जिस पार्टी के अनेकों भूतपूर्व राज्यपाल हो, फिर ऐसा क्या हुआ ? इतनी बड़ी पार्टी को सूक्ष्मदर्शी यंत्र लेकर निकलना पड़ता है कि देश में कहीं बचे हैं की नहीं और इतनी पराजय के बाद भी कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पराजय के भय से गठबंधन करने पर आ गयी है। सत्ता के नशे में छोटी-छोटी पार्टियों को कुचल देनी वाली कांग्रेस आज उन्हीं छोटे दलों के पैरों में पड़ी है। सवा सौ साल पुरानी पार्टी अब छोटे-छोटे दलों के सर्टिफिकेट लेने के लिए भटक रही है। इसके पीछे उसका अहंकार है। उन्होंने कहा कि कभी मध्य प्रदेश का भला नहीं चाहा। यूपीए के शासन काल के दौरान बीजेपी शासित राज्यों के विकास में रोड़ा डाला गया। उन्होंने कहा, ‘वे समाज को तोड़ने के मुद्दे पर जाना चाहते हैं लेकिन हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। हमारा नारा है संगठन में शक्ति है। चुनाव जीतने का हमारा मंत्र साफ है। हम धनबल नहीं जनबल पर चुनाव लड़ेंगे। हमारा नारा होगा मेरा बूथ, सबसे मजबूत।’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि जिस कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और यहां की जनता से दुश्मनी रखी हो उसे सजा देने का मौका मध्य प्रदेश की जनता के पास आ गया है। हमारे लिए सवा सौ करोड़ देशवासी हमारा परिवार हैं। झूठ के बवंडर के सामने भाजपा का झंडा झुकने न पाए। कांग्रेस पराजय के भय से गठबंधन करने पर आ गयी है। सत्ता के नशे में छोटी-छोटी पार्टियों को कुचल देने वाली कांग्रेस आज उन्हीं छोटे दलों के पैरों में पड़ी है। कांग्रेस ने मुझे गालियां देने में शक्ति लगा दी। डिक्शनरी से ढूंढकर गालियां दी जा रही हैं। जितना कीचड़ उछालना हो उछाल लो लेकिन कीचड़ में ही कमल खिलता है।
बिना राहुल का नाम लिए पीएम ने कहा कि मेरे खिलाफ झूठ का बवंडर रचा जा रहा है। जाति का जहर नहीं चलेगा। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा, ‘जो पार्टी 125 सालों से भी पुरानी हो, जिस पार्टी के अनेकों भूतपूर्व राज्यपाल हो, फिर ऐसा क्या हुआ कि इतनी बड़ी पार्टी को सूक्ष्मदर्शी यंत्र लेकर निकलना पड़ता है कि देश में कहीं बचे हैं की नहीं और इतनी पराजय के बाद भी कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है। सत्ता जाने के बाद कांग्रेस ने संतुलन भी खो दिया है।’
पीएम ने कांग्रेस पर देश के बाहर गठबंधन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हिन्दुस्तान में गठबंधन करने में सफल नहीं हो रही है तो वो भारत के बाहर गठबंधन खोज रही है। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता खोने के बाद अपना संतुलन भी खो दिया है। कांग्रेस पार्टी देश के ऊपर अब बोझ बन गयी है।
पीएम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश के 70 प्रतिशत भू-भाग पर आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारें मोदी जी के नेतृत्व में जनता की सेवा कर रही है। भारतीय जनता पार्टी को देश के हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने का काम हम सभी कार्यकर्ताओं को करना है। आज हम सब संकल्प लेकर जाएं कि आने वाले 5 चुनावों और आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फिर से ऊंचा करने का काम करें।
शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘देश में घोटाले करने वाली, नीतिगत फैसले नहीं लेने वाली, देश की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली कांग्रेस पार्टी किस मुंह से जनता से वोट मांगेगी। मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना देनी वाली कांग्रेस पार्टी क्या राजा, महाराजा या फिर उद्योगपतियों के नाम पर जनता से वोट मांगेगी।’
पीएम और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि मेरे इन समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज जब मैदान में उतरेगी, तो विरोधियों को दिन में तारे दिखाने का काम करेंगे। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कोई भी ऐसा काम नहीं किया है जिससे हमारे कार्यकर्ता का सर नीचा हो सके, पीएम मोदी और शिवराज जी ने इस प्रकार कार्य किया है कि हमारा कार्यकर्ता जनता के बीच सर उठा के जा सके। भाजपा के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता देश की सुरक्षा है वोट बैंक की राजनीति नहीं।
शाह से पहले राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में राहुल को फन मशीन बताया। उन्होंने कहा कि मैं तो घोषणा मशीन हूं, लेकिन राहुल गांधी जी तो फन मशीन है, लेकिन घोषणा वही करते हैं, जिनके मन में मध्यप्रदेश को नंबर 1 बनाने का संकल्प हो। राहुल देश के लिए मनोरंजन हैं। उन्होंने कहा कि राहुल कभी विदेश की तस्वीरें भी ट्वीट करें। आज कल वह शिवभक्त बने हुए हैं।