जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । देश में अब तक कोविड-19 के आंकड़ें 1975 पर पहुंच गए हैं जिनमें से 55 लोगों की मौत हो चुकी है। आज देश में कोरोना वायरस के 386 नए मामले सामने आए है। कोरोना का संक्रमण 29 राज्यों में फैल चुका है। महाराष्ट्र में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां देश के सबसे ज्यादा 335 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। बुधवार को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी के शाहू नगर में एक कोरोना संक्रमित मिला। 56 साल के इस मरीज को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बृहंमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित के परिवार के सात सदस्यों को होम क्वारैंटाइन में रखा गया है। कल उनका टेस्ट कराया जाएगा। संक्रमित जिस बिल्डिंग में मिला, उसे सील कर दिया गया है। इससे पहले, महाराष्ट्र में बिगड़ते हालात के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर चर्चा की।
बुधवार को अकेले तमिलनाडु में ही 110 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। अब राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 234 हो गई है। वहीं, आंध्रप्रदेश में 43, महाराष्ट्र में 23 और मध्यप्रदेश में 20 नए केस मिले। आंध्र में संक्रमित मिले लोग दिल्ली के तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे थे। इधर, दिल्ली में निजामुद्दीन के मरकज के बाद अब मजनूं का टीला इलाके में एक गुरुद्वारे से 250 लोगों को निकाला गया। पुलिस इनकी स्वास्थ्य जांच करा रही है। मरकज से निकाले गए 536 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि 1810 को क्वारैंटाइन किया गया है। दिल्ली के सरकारी अस्पताल की एक महिला डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। केजरीवाल सरकार ने महामारी के दौरान ड्यूटी में लगे सरकारी और निजी कर्मचारियों की मौत होने पर परिजन को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 335 | 12 | 39 |
केरल | 265 | 2 | 24 |
तमिलनाडु | 234 | 1 | 6 |
दिल्ली | 152 | 2 | 6 |
राजस्थान | 108 | 2 | 3 |
कर्नाटक | 110 | 3 | 9 |
उत्तर प्रदेश | 116 | 1 | 17 |
तेलंगाना | 97 | 6 | 14 |
आंध्र प्रदेश | 87 | 0 | 1 |
मध्य प्रदेश | 86 | 7 | 0 |
गुजरात | 87 | 6 | 5 |
जम्मू-कश्मीर | 62 | 2 | 1 |
पंजाब | 46 | 4 | 1 |
हरियाणा | 43 | 0 | 17 |
प. बंगाल | 37 | 3 | 0 |
बिहार | 24 | 1 | 0 |
चंडीगढ़ | 15 | 1 | 0 |
लद्दाख | 13 | 0 | 3 |
अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 0 |
छत्तीसगढ़ | 9 | 0 | 0 |
उत्तराखंड | 7 | 0 | 2 |
गोवा | 5 | 0 | 0 |
असम | 13 | 0 | 0 |
ओडिशा | 4 | 0 | 0 |
हिमाचल | 3 | 1 | 1 |
पुडुचेरी | 3 | 0 | 0 |
मणिपुर | 1 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
झारखंड | 1 | 0 | 0 |
तब्लीगी जमात से जुड़े 1800 लोगों को अस्पतालों में भेजा गया
सचिव ने कहा कि तब्लीगी जमात से जुड़े 1800 लोगों को नौ अस्पतालों और पृथक केंद्रों में भेजा गया है। हालांकि हाल के मामलों में बढ़ोत्तरी देखकर यह नहीं कहा जा सकता है कि इसमें देश भर में बढ़ोतरी हो रही है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 18 नए मामले
उन्होंने बताया कि अकेले दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 18 लोगों के कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि तमिलनाडु में 65 नए मामले सामने आए हैं। अग्रवाल ने संक्रमण के मामले रोकने के लिए लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित करने को ही एकमात्र उपाय बताते हुए कहा कि इसकी रोकथाम के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
सचिव ने बताया कि कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक में राज्यों के स्तर पर संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित करने के उपायों की समीक्षा की गई।
उन्होंने बताया कि बैठक में प्रवासी मजदूरों को संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए पृथक रखने और उनकी सहायता के लिए शुरू किए गए कार्यों को पूरा करने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
रेलवे 20,000 डिब्बों को संशोधित करके 3।2 लाख आइसोलेशन और क्वारंटीन बेड बना रहा
स्वास्थय सचिव ने बताया कि रेलवे 20,000 डिब्बों को संशोधित करके 3।2 लाख आइसोलेशन और क्वारंटीन बेड बनाने की तैयारी कर रहा है। 5000 डिब्बों का संशोधन शुरू हो गया है। परीक्षण किट, दवाओं और मास्क जैसे आवश्यक वस्तुओं के परिवहन के लिए लाइफलाइन उड़ानें शुरू की गई हैं।
गलत सूचनाओं की जांच होनी चाहिएः सुप्रीम कोर्ट
सचिव ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि गलत सूचनाओं की जांच होनी चाहिए। उसके लिए, हमने ईमेल आईडी technicalquery।covid19@gov।in बनाया है, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य मंत्रालय का एक संयुक्त सचिव-रैंक का अधिकारी और एम्स के विशेष डॉक्टर तकनीकी सहायता प्रदान करेंगे।
24 घंटे में 4562 नमूनों की जांच
संवाददाता सम्मेलन में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के रमन आर गंगाखेड़कर ने बताया कि देश भर में कार्यरत आईसीएमआर की प्रयोगशालाओं में पिछले 24 घंटों में 4562 नमूनों की जांच की गई। गंगाखेड़कर ने कहा कि इसके साथ ही देश में जांच का स्तर कुल क्षमता का 38 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर अभी तक हमने 47,951 कोरोना टेस्ट किए हैं। आईसीएमआर के नेटवर्क में 126 लैब हैं, इसके अलावा 51 प्राइवेट लैब को भी टेस्ट की मंजूरी मिली है।
21,486 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं- गृह मंत्रालय
संवाददता सम्मेलन में गृह मंत्रालय की संयुक्त सचित पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य प्रवासी श्रमिकों के लिए भोजन और आश्रय की व्यवस्था कर रहे हैं। 21,486 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 6,75,133 व्यक्तियों को आश्रय दिया गया है।