24 घंटे में 39 लोगों की मौत, 1344 मरीज स्वास्थ्य, 1118 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 12 हजार के करीब
जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली। कोरोना कहर के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या 11933 हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1118 नए मामले सामने आए हैं और 39 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना से अब तक 392 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि 1344 मरीज इस बीमारी को हराने में कामयाब भी हुए हैं। इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी राज्यों को गाइडलाइन जारी किए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि हॉटस्पॉट की पहचान की गई है। साथ ही कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में राज्यों के अधिकारियों के साथ मीटिंग हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों/स्वास्थ्य सचिवों के साथ बातचीत की हुई। देश के प्रत्येक जिले में कोविड-19 से निपटने के लिए अस्पताल बनाए जाएंगे। अग्रवाल ने कहा कि कंटेंटमेंट जोन में घर घर जाकर सर्वे किया जाएगा और अगर किसी कोरोना पीड़ित व्यक्ति के संपर्क में कोई आया है तो उसके बारे में पता लगाया जाएगा। देश के जिलों को 3 श्रेणियों में बांटा जाएगा। इसमें हॉटस्पॉट जिले, नॉन हॉटस्पॉट जिले होंगे, लेकिन जहां मामले रिपोर्ट किए जाएंगे उसे ग्रीन जिले के नाम से जाना जाएगा।
कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने बताया कि बड़े प्रकोप और कलस्टर प्रकोप रोकथाम, रोकथाम क्षेत्र संबंधी कई विषयों पर भी चर्चा की गई है। आवश्यक सेवाओं से संबंधित लोगों को छोड़कर किसी प्रकार के आवाजाही को अनुमति नहीं होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा कि देश में कोरोना वायरस के कम्युनिटी ट्रांसमिशन की कोई खबर नहीं है।
बॉक्स-1
कोरोना और चमगादड़ से इंसान के रहस्य के बीच आईसीएमआर का पड़ताल
एक प्रश्न के जबाव में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद- आईसीएमआर के रमन गंगाखेडकर ने बताया कि चीन में हुए शोध से ये मालूम हुआ है कि ये वायरस चमगादड़ों से आया है। चमगादड़ ने इसे पैंगोलिंस में ट्रांसफर किया होगा, पैंगोलिन से ये मनुष्यों में आ गया। उन्होंने कहा कि हमने निगरानी भी की, जिसमें हमने पाया कि चमगादड़ दो प्रकार के होते हैं जिनमें कोरोना वायरस होता है जो शायद 1000 साल में एक बार मनुष्यों में पहुंचे।
सनद रहे कि भारत के वैज्ञानिकों ने देश के 4 राज्यों में चमगादड़ों के नमूनों में बैट कोरोना वायरस (बीटी सीओवी) होने की पुष्टि की थी। वैज्ञानिकों का कहना था कि यह कोरोना वायरस कोविड-19 बीमारी के कोरोना वायरस सार्स सीओवी2 से मिलता जुलता हो सकता है। डॉक्टरों की एक टीम के नेतृत्व में हुए इस शोध का मकसद यह जानना था कि कोरोना वायरस की प्रजाति के कौन से और वायरस चमगादड़ या अन्य जीवों में मौजूद हो सकते हैं। यह शोध इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च में प्रकाशित हुआ है।
10 राज्यों में अध्ययन :
इस शोध में वैज्ञानिकों ने भारत के 10 राज्यों में मौजूद दो प्रजाति की चमगादड़ के सैम्पल लिए थे। इनमें पिटरोपस एवं रोसेट्स प्रजाति के चमगादड़ों के नमूने लिए गए। वैज्ञानिकों ने पाया कि भारत में 10 राज्यों में से 4 राज्यों के चमगादड़ों में बैट कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
इन राज्यों में मिला वायरस :
केरल, हिमाचल और तमिलनाडु और पॉन्डिचेरी में चमगादड़ से लिए गए नमूनों में बैट कोरोना वायरस मिलने की पुष्टि हुई है।
छह राज्यों में नहीं मिला :
10 राज्यों में चमगादड़ की दो प्रजातियों के सैम्पल लेकर कोरोना की पीसीआर जांच की गई थी। इनमें छह राज्यों में सैम्पल निगेटिव आये हैं। इनमें कर्नाटक, चंडीगढ़, उड़ीसा, पंजाब , गुजरात, तेलंगाना में चमगादड़ में बैट कोरोना वायरस नहीं मिला।