जनजीवन ब्यूरो
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बने कांग्रेस, जदयू और राजद के महागठबंधन से निकलकर समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर तीसरे मोर्चे की कवायद में जुटी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी फिर से महागठबंधन में शामिल होना चाहती है। एनसीपी के महासचिव व प्रवक्ता डी.पी.त्रिपाठी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिष्टाचार का पालन नहीं किया जिसके कारण एनसीपी महागठबंधन से बाहर हुई, लेकिन जल्द ही महागठबंधन में लौटने की घोषणा हो सकती है।
त्रिपाठी ने कहा कि बिहार में सीट बंटवारे को लेकर कोई परेशानी नहीं थी, नीतीश ने शिष्टाचार का पालन नहीं किया। महागठबंधन में लौटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बातचीत जारी है और एक-दो दिनों में इसबात की घोषणा हो जाएगी। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य की चर्चा करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए नए मोर्चे की जरुरत है।
उन्होंने बातों ही बातों में कांग्रेस को भी नसीहत दी और कहा कि कांग्रेस हमेशा से गैर जिम्मेदाराना बयान देती रही है।
त्रिपाठी ने कहा कि मध्य प्रदेश के झाबूआ में हुए विस्फोट की जांच सीबीआई को सौपी जाए और दो माह के अंदर इसकी रिपोर्ट जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण मामला नहीं है। घटना के लिए जिम्मेवार मुख्य अभियुक्त राजेंद्र कसावा की गिरफ्तारी अबतक नहीं हो सकी है। यह मुख्यमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी है कि मामले की तह तक जाएं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिमी महारष्ट्र में भयंकर सूखा है लेकिन राज्य सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है। लोगों को पीने के पानी के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है।