जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 23 अक्टूबर को बिहार में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। पहले चरण के मतदान से पांच दिन पहले राहुल गांधी चुनावी प्रचार की कमान संभालेंगे। वे हिसुआ और कहलगांव में महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। इस रैली से पहले वे कुछ वर्चुअल कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 21 अक्टूबर को राहुल गांधी एक वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। राहुल के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी बिहार में प्रचार करेंगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका राज्य विधानसभा चुनाव में तीन रैलियों को संबोधित करेंगी। हालांकि उनके कार्यक्रम की तारीख अभी तय नहीं है। बता दें कि बिहार चुनाव के लिए कांग्रेस के रणनीतिकार दो दिन पहले से ही पटना में डेरा डाल चुके हैं। रणदीप सुरजेवाला ने यहां पर पार्टी की कमान संभाली हुई है।
बिहार के चुनावी रण में कांग्रेस अपनी ताकत झोंक रही है। पार्टी और महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी भी माहौल बनाने आ रहे हैं। 28 अक्टूबर को बिहार में पहले चरण की 71 सीटों पर चुनाव होना है। इसमें कांग्रेस के हिस्से 21 सीटें आई हैं। जबकि राजद 42 और माले आठ सीटों पर लड़ रहा है।