जनजीवन ब्यूरो / नई दिल्ली । अपने अमरिकी दौरे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने यह तक कह डाला कि मोदी भगवान को भी बता सकते हैं कि क्या करना है। इस पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा राहुल गांधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ सकते। वह भारत का का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। हर विदेश यात्रा में वह अपनी गलतियों को दोहराते हैं। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर दिए बयान को लेकर उन पर निशाना साधा है। प्रह्लाद जोशी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को ‘फर्जी गांधी’ बताया है और कहा कि वह कुछ नहीं जानते हैं, लेकिन हर एक चीज के विशेषज्ञ बन गए हैं।
प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता के इतिहास का ज्ञान उनके परिवार से आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने कहा, ‘यह हास्यास्पद है कि जो कुछ भी नहीं जानता है वह अचानक हर चीज का विशेषज्ञ बन जाता है। एक व्यक्ति जिसका इतिहास ज्ञान अपने परिवार से परे नहीं जाता, वह इतिहास के बारे में बात कर रहा है।’
प्रह्लाद जोशी ने आगे कहा कि आलू से सोना पैदा करने का दावा करने वाला एक व्यक्ति विज्ञान के बारे में बता रहा है। एक व्यक्ति जिसने कभी पारिवारिक मामलों से आगे कदम नहीं बढ़ाया, अब भारत का नेतृत्व करना चाहता है। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, ‘नहीं मिस्टर फर्जी गांधी! भारत का मूल इसकी संस्कृति है। भारतीयों को अपने इतिहास पर बहुत गर्व है और वे अपने भूगोल की बहुत अच्छी तरह से रक्षा कर सकते हैं। आपकी तरह नहीं जो देश को बदनाम करने के लिए विदेशी धरती का इस्तेमाल करते हैं।
हर यात्रा में भारत का अपमान: अनुराग ठाकुर
वहीं, अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की हर यात्रा में भारत का अपमान किया जाता है। इस बार की प्रायोजित विदेश यात्रा भी उसी दिशा में है, जहां वो अपमान तो पीएम मोदी का करना चाहते हैं, लेकिन अंत में देश का अपमान करने से नहीं हठते। उन्होंने आगे कहा कि अगर आप पहले के भी भाषण देखेंगे तो वह भारत को राष्ट्र ही मानते ही नहीं है, वो तो राज्यों का संघ कहते हैं। साथ ही वह भारत के बढ़ते कदमों पर भी प्रश्नचिह्न करते हैं। ठाकुर ने राहुल पर सवालों की बौछार करते हुए कहा कि आखिर उनकी यात्रा का मकसद क्या होता है? वह विदेश यात्रा से क्या पाना चाहते हैं? क्या विदेश में कीचड़ उछालना ही काम रह गया है?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप अंतर देख सकते हैं जब-जब राहुल विदेश की यात्रा पर गए हैं उन्होंने भारत और देशवासियों पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर मैं कहूं कि भारत की जो तरक्की हो रही है, साख बढ़ रही है उसको गिराने का काम लगातार राहुल कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ पीएम मोदी की यात्रा पर नजर डालिए। पीएम ने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा के दौरान लगभग 24 पीएम और दुनिया के राष्ट्रपतियों से मुलाकात की और 50 से अधिक बैठकें की थीं। कई विदेशी मंत्री उन्हें लोकप्रिय नेता बताते हैं। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा था कि पीएम मोदी बॉस हैं। उन्होंने कहा कि शायद यही बात राहुल को नहीं पची होगी, इसलिए वह विदेश में उनका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल ने अपनी विदेश यात्रा पर कहा कि 80 के दशक में दलितों पर अत्याचार हुआ था, तब तो कांग्रेस की ही सरकार थी। अनुराग ठाकुर ने कहा शायद यही राहुल बताना चाह रहे थे कि उनकी सरकार में सिर्फ दलितों पर अत्याचार हो रहे थे, जबकि आज सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास इसी मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।